पिकनिक मनाते समय डैम में डूबे स्कूल के दो छात्र, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews-rescue-ratlampolice
रतलाम | D I T NEWS
रतलाम | बाजना रोड स्थित पलसोड़ी श्री राम डैम की घटना; अंधेरा होने के कारण रात 8 बजे रोकना पड़ा तलाशी अभियान
रतलाम। बाजना रोड स्थित ग्राम पंचायत पलसोड़ी के डैम पर सोमवार दोपहर पिकनिक मनाने गए दो स्कूली छात्र नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला, पुलिस और एसडीईआरएफ (SDERF) की टीमें मौके पर पहुँचीं। रात करीब सवा आठ बजे तक गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत की, लेकिन छात्रों का सुराग नहीं लग पाया। अत्यधिक अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है, जो मंगलवार सुबह पुनः शुरू होगा।

मैगी बनाई, फिर नहाने उतरे और हो गया हादसा
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय जय उर्फ आशुतोष मंडलोई (पिता बसंत मंडलोई) और टाटा नगर निवासी 14 वर्षीय ध्रुव (पिता आनंद) अपने छह अन्य दोस्तों के साथ सोमवार दोपहर पिकनिक मनाने डैम पर गए थे। दोपहर में सभी दोस्तों ने मिलकर डैम किनारे कच्चा चूल्हा जलाकर मैगी बनाई और आनंद लिया। इसके बाद दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच वे नहाने के लिए पानी में उतरे।

एक साथी को बचा लिया गया, दो गहरे पानी में समाए
नहाते समय अचानक ध्रुव, जय और उनका एक अन्य साथी डूबने लगे। पास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक छात्र को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जय और ध्रुव देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए। साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हुए।
प्रशासनिक अमला मौके पर मुस्तैद
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम आर्ची हरित, दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। नगर निगम की फायर ब्रिगेड और एसडीईआरएफ की टीम ने बोट व आधुनिक उपकरणों के जरिए डैम में सर्चिंग की। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि फिलहाल छात्रों का पता नहीं चल सका है, आज मंगलवार सुबह से गोताखोरों की टीम फिर से तलाश शुरू करेगी।