पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन जिलों में आतंक मचाने वाला 'पल्सर गैंग' दबोचा, चार गिरफ्तार

News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews-crimenews-talnews-ratlampolice

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन जिलों में आतंक मचाने वाला 'पल्सर गैंग' दबोचा, चार गिरफ्तार

रतलाम | D I T NEWS 

रतलाम जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं के गले से चैन, मंगलसूत्र और मोबाइल छीनने वाले एक शातिर अंतरजिला गिरोह का रतलाम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मशरूका और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। यह गिरोह महज तीन दिनों के भीतर तीन अलग-अलग जिलों में लूट की आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दे चुका था।

तीन दिन, तीन जिले और ताबड़तोड़ लूट

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने 5 फरवरी को जावरा, 6 फरवरी को ताल, आलोट व बड़ोद (आगर) और 7 फरवरी को सुसनेर व जीरापुर (राजगढ़) में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश राह चलती महिलाओं को निशाना बनाते थे और पलक झपकते ही मंगलसूत्र या पर्स छीनकर फरार हो जाते थे। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था।

CCTV और सोशल मीडिया से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विशेष टीम का गठन किया। एएसपी विवेक कुमार और एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थानों की संयुक्त टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। संदिग्धों के फुटेज सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किए गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस भोपाल तक जा पहुंची, जहां से आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी और उनका काला चिट्ठा

पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी हैं, जिनमें से एक पर दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं:

  1. लक्की (23 वर्ष), निवासी कोलार रोड, भोपाल: इसके विरुद्ध लूट, चोरी और अवैध वसूली के 28 मामले दर्ज हैं।

  2. राजा खान (23 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, भोपाल: इसके विरुद्ध चोरी और बलात्कार सहित 7 अपराध दर्ज हैं।

  3. विजय (21 वर्ष), निवासी रातीबड़, भोपाल: लूट और शराब तस्करी के 6 मामले दर्ज हैं।

  4. मयंक (40 वर्ष), निवासी कोलार रोड, भोपाल: गिरोह का चौथा साथी।

बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने के मंगलसूत्र, सोने के 29 मोती और लूटे गए मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस अब इनके जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।

टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस सफलता में ताल थाना प्रभारी तूरसिंह डावर, साइबर सेल प्रभारी अमित कोरी, स्वराज डाबी और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।