बंदूक की दुकान में हुए विस्फोट के घायलों को बड़ी राहत, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से स्वीकृत हुए
RatlamNews-MadhyaPradesh-CMMadhyaPradesh-ChaitanyaKashyap-RatlamUpdate-HelpingHand-MadhyaPradeshPolice
रतलाम | D I T NEWS
रतलाम शहर के चांदनी चौक लक्कड़ पीठा क्षेत्र में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के दिन हुए दुखद हादसे के पीड़ितों के लिए राहत की खबर है। बंदूक की दुकान में वेल्डिंग कार्य के दौरान हुए विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों के लिए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की पहल लाई रंग
हादसे के तुरंत बाद विधायक और कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा था। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार और आर्थिक मदद के लिए सहायता राशि की विशेष अनुशंसा की थी, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।

इन घायलों को मिली सहायता राशि प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सहायता राशि प्राप्त करने वाले प्रभावितों में शामिल हैं:
नजीम शेख (पिता शेख अहमद हुसैन), निवासी: शहर सराय, रतलाम
रफीकउद्दीन (पिता सलीमउद्दीन), निवासी: बाईजी का वास, रतलाम
संदीप पाटीदार (पिता शंकरलाल पाटीदार), निवासी: ग्राम तितरी, जिला रतलाम
खातों में राशि हुई ट्रांसफर
रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के तहत स्वीकृत की गई यह राशि तीनों प्रभावितों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है। शासन की इस त्वरित मदद से पीड़ितों के परिजनों को उपचार के खर्च में बड़ी राहत मिलेगी।