पत्नी ही निकली पति की कातिल: रतलाम में अवैध संबंधों के चलते कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, प्रेमी समेत 3 गिरफ्तार

RatlamNews-Ratlam-MadhyaPradesh-CrimeNews-CrimeNewsIndia-BreakingNews-MurderCase-MurderNews-CrimeUpdate-PoliceInvestigation

पत्नी ही निकली पति की कातिल: रतलाम में अवैध संबंधों के चलते कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, प्रेमी समेत 3 गिरफ्तार

रतलाम/D I T NEWS :- सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में हुई अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों का भंडाफोड़ होने के डर से पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान भी जब्त किया है।

खेत में छिपी थी फरार पत्नी

घटना 2 सितंबर की है, जब ग्राम बोरदा निवासी भीमसिंह चरपोटा (पिता मनोहर चरपोटा) की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस चौकी बेंडदा व सरवन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अपराध क्रमांक 323/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मृतक की पत्नी ललिता घर से गायब मिली। पुलिस ने तलाश तेज की और दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद उसे ग्राम गुडभैली के एक खेत से हिरासत में ले लिया।

कमरे में लीपा गोबर, रात 11 बजे नाले में फेंका शव

कड़ाई से पूछताछ करने पर ललिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसके और राकेश नाम के युवक के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी पति भीमसिंह को हो गई थी। भेद खुलने पर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। पहले जंगल में मारने की योजना थी, लेकिन मौका न मिलने पर उन्होंने घर में ही सो रहे भीमसिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान प्रेमी राकेश ने भीमसिंह के पैर जकड़ रखे थे और तीसरा आरोपी भूरा बाहर पहरा दे रहा था। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से खून से सने फर्श को गोबर से लीप दिया गया और शव को बकरी बांधने के स्थान पर छिपा दिया। रात करीब 11 बजे राकेश और भूरा शव को उठाकर पास के नाले में फेंक आए।

2 लाख का मश्रूका जब्त

पुलिस ने तीनों आरोपियों—ललिता, प्रेमी राकेश और सहयोगी भूरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का चांदी का कड़ा, सोने की बाली, चांदी की कड़ियां, सिम कार्ड, वारदात में प्रयुक्त कपड़े और दो एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए गए हैं।

​यह पूरी सफलता पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पेंद्रो व विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में सरवन थाना पुलिस को मिली है। प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।