जन्मदिन की पार्टी में हुआ विवाद बना हत्या की वजह, रतलाम पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा
Ratlamnews-CrimeNews-CrimeStory-BreakingNews-CrimeReport-HusbandWifeDispute-ManakChowk-BohraCommunity-CrimeInvestigation-PoliceUpdate-Ratlampolice
D I T NEWS
शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्टे पर ले जाकर चाकू से किए कई वार, शव कार की डिक्की में रखकर सुनसान इलाके में फेंका; एक आरोपी गिरफ्तार, तीन विधि विरुद्ध बालक पुलिस अभिरक्षा में
रतलाम। थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में रतलाम पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे चार पहिया वाहन की डिक्की में रखा और सुनसान इलाके में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी सौरभ वर्मा को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि विरुद्ध बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

06 नवंबर को मिला था अज्ञात शव
जानकारी के अनुसार, 06 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे थाना दीनदयाल नगर पुलिस को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। जांच के दौरान मृतक की पहचान रितेश पिता शंभू माईड़ा, निवासी दीनदयाल नगर, रतलाम के रूप में हुई।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें धारदार हथियार से कई बार चोट पहुंचाने के कारण मृत्यु होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जन्मदिन की पार्टी में हुआ था विवाद
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनुराग यादव सहित पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ में पता चला कि 05 नवंबर की रात रितेश स्टेशन रोड क्षेत्र में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी में सौरभ वर्मा सहित कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की तो कुछ लोग अपने घरों से अनुपस्थित मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने 08 नवंबर को सौरभ वर्मा एवं तीन विधि विरुद्ध बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्टे पर ले गए, चाकू से किए कई वार
पुलिस पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, जन्मदिन की पार्टी में रितेश का अन्य युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी उसे शराब पिलाने के बहाने विरियाखेड़ी स्थित ईंट भट्टे पर ले गए, जहां एक बार फिर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से रितेश के गले, पेट और पीठ पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से चार पहिया वाहन बुलाया गया। शव को वाहन की डिक्की में रखकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और अंत में झामण क्षेत्र के अंदरूनी सुनसान इलाके में फेंककर छिपा दिया गया।
हथियार और वाहन की तलाश, आगे की जांच जारी
पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही घटना में अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरे मामले का खुलासा करने में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी दीनदयाल नगर उप निरीक्षक अनुराग यादव, उप निरीक्षक राजेंद्र चौहान, सहायक उप निरीक्षक बसील गनावा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र, आरक्षक संदीप कुमावत, आरक्षक दीपक सिंह एवं आरक्षक राजू गरवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई से थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है।