छेड़छाड़ की पुरानी रंजिश में युवक की चाकू गोदकर हत्या, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
Ratlamnews-CrimeNews-CrimeStory-BreakingNews-CrimeReport-HusbandWifeDispute-ManakChowk-BohraCommunity-CrimeInvestigation-PoliceUpdate-Ratlampolice
बड़ावदा पुलिस को सफलता: मिडिल स्कूल के पास मिला था शव, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
रतलाम/ D I T NEWS :- बड़ावदा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंदुरकिया में हुई अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 36 घंटे में सुलझा लिया है। छह महीने पुराने छेड़छाड़ के विवाद को लेकर हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद कर लिया है।
स्कूल के पास मिला था शव
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को हाटपिपलिया चौकी पर सूचना मिली थी कि सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल (पिता शहजाद शाह, निवासी सिंदुरकिया) के रूप में की। शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा भेजा।

सीसीटीवी व साइबर की मदद से दबोचा
एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध आरोपी ईश्वर उर्फ छोटू (19 वर्ष, निवासी सिंदुरकिया) को घेराबंदी कर धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ताने देने से नाराज था आरोपी
जांच में सामने आया कि करीब छह माह पूर्व मृतक शहनवाज ने आरोपी की भाभी से छेड़छाड़ की थी, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है। मृतक गांव में बार-बार इस बात का जिक्र कर ताने देता था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आक्रोशित होकर ईश्वर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर शहनवाज को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
हत्या की इस अंधी गुत्थी को सुलझाने में निरीक्षक संतोष चौरसिया, स्वराज डाबी, मोहम्मद अयुब खान, दीपक कुमार मंडलोई सहित हाटपिपलिया व बड़ावदा पुलिस टीम और साइबर सेल के जवानों की मुख्य भूमिका रही।