रतलाम में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या, आरोपी पुलिस हिरासत में

Ratlamnews-CrimeNews-CrimeStory-BreakingNews-CrimeReport-HusbandWifeDispute-ManakChowk-BohraCommunity-CrimeInvestigation-PoliceUpdate-Ratlampolice

रतलाम में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या, आरोपी पुलिस हिरासत में

रतलाम/D I T NEWS :- माणक चौक थाना क्षेत्र के सोनार बावड़ी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जहां असगर अली ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी रुकैया की धारदार हथियार से गला रेतकर जान ले ली। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

कमरे का दृश्य देख दहल गए लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, असगर द्वारा हमला किए जाने पर महिला की चीख सुनकर उसका बड़ा भाई मुस्तफा पड़ोसियों के साथ तुरंत घर के अंदर दाखिल हुआ। वहां का दृश्य खौफनाक था—रुकैया कमरे में बिस्तर पर लहूलुहान पड़ी थी और आरोपी असगर उसकी छाती पर बैठकर हथियार से उसका गला रेत रहा था। जब लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी उन पर भी आक्रामक हो गया। खतरे को देखते हुए लोग बाहर भागे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही माणक चौक थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को वारदात स्थल से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, एफएसएल (FSL) टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चों—एक सात वर्षीय पुत्री और दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है।

पारिवारिक कलह की आशंका, जांच जारी

हत्या के सटीक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक जांच में घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ और बोहरा समाज के लोग जमा हो गए।

"घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी से सख्त पूछताछ के बाद ही हत्या की असल वजह साफ हो सकेगी।"

विक्रम सिंह चौहान, थाना प्रभारी (माणक चौक)