तीन दिन से लापता था युवक, रेलवे स्टेशन पर कार की पिछली सीट पर मिला शव
RailwayStation-GRP #CrimeNews #LatestNews #BreakingUpdate #NewsAlert
रतलाम/ DIT NEWS:- रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-7 की ओर मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने खड़ी एक अनुबंधित कार की पिछली सीट पर युवक का शव मिला। कार का उपयोग रेलवे कंट्रोल ऑफिस के शासकीय कार्यों के लिए किया जाता था।
सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान हेमंत पिता दातार रूप में हुई है, जो रेलवे की अनुबंधित कार पर अस्थाई ड्राइवर के रूप में कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार युवक करीब तीन दिनों से अपने घर नहीं लौटा था। बुधवार सुबह कार में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई, जिसके बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जीआरपी पुलिस प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस युवक के पिछले तीन दिनों के घटनाक्रम, उसके संपर्क में रहे लोगों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।