निगम की अनदेखी पड़ी भारी: लोकेंद्र टॉकीज के बाहर गिरा सूखा नीम का पेड़, गाड़ियां क्षतिग्रस्त

Ratlamnews-BreakingNewsInHindi-HindiNews-LatestNewsInHindi-ViralNewsHindi-ViralUpdateInHindi-TrendingHindi-ViralPostInHindi ​#AajTakInHindi-BreakingNewsHindiToday

निगम की अनदेखी पड़ी भारी: लोकेंद्र टॉकीज के बाहर गिरा सूखा नीम का पेड़, गाड़ियां क्षतिग्रस्त

26 नवंबर 2024 को दिया गया था आवेदन, सड़क निर्माण में कटी थी जड़; नहीं हुई कोई सुनवाई

रतलाम/D I T NEWS :- नगर निगम की घोर लापरवाही और अनदेखी के कारण शहर में आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा लंबे समय से जताया जा रहा था। लोकेंद्र टॉकीज के बाहर पोस्ट ऑफिस रोड पर खड़ा एक नीम का बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ सीधे पार्किंग में रखी गाड़ियों पर गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हादसा सड़क की ओर नहीं हुआ, वरना भारी जनहानि हो सकती थी।

​गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले इसी रोड पर ही हाट रोड के रहने वाले व्यक्ति पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, लेकिन उस घटना के बाद भी निगम प्रशासन ने कोई सीख नहीं ली।

सड़क निर्माण के समय काट दी थी जड़

श्री लोकेंद्र टॉकीज प्रबंधन द्वारा नगर निगम आयुक्त के नाम 26 नवंबर 2024 को दिए गए आवेदन के अनुसार, पोस्ट ऑफिस रोड पर सड़क और फुटपाथ निर्माण के दौरान इस नीम के पेड़ की जड़ें काट दी गई थीं। जड़ें कटने के कारण पेड़ धीरे-धीरे सूखकर पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण (जर्जर) हो गया था। आवेदन में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई थी कि यह पेड़ कभी भी गिर सकता है और इससे जान-माल का बड़ा नुकसान संभव है।

पावती मिलने के बाद भी फाइल दबाकर बैठा रहा निगम

प्रबंधन ने बाकायदा नगर निगम में आवेदन जमा कर इसकी पावती भी ली थी और मांग की थी कि स्थल की जांच कराकर पेड़ को जल्द से जल्द हटवाया जाए। इसके बावजूद महीनों बीत जाने पर भी जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर जाकर देखना तक उचित नहीं समझा। निगम की इसी ढिलाई का नतीजा आज हादसे के रूप में सामने आया है।

अब भी बना है खतरा, पूरा पेड़ हटाने की मांग

पेड़ का एक हिस्सा गिरने के बाद भी उसका बाकी जर्जर तना और टहनियां वहीं मौजूद हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि किसी और बड़े हादसे या जान-माल के नुकसान का इंतजार किए बिना, नगर निगम प्रशासन इस जर्जर पेड़ को तुरंत पूरी तरह से कटवा कर हटाए।