रतलाम पुलिस ने 48 घंटे में करोड़ों की लूट का किया खुलासा
Ratlam-RatlamNews-RatlamPolice-BreakingNews-BigBreaking-PoliceAction-PoliceNews-CrimeNews-CrimeNewsIndia-Robbery-LootCase-GoldRobbery-JewelleryRobbery-5CroreLoot
रतलाम/ D I T NEWS
सराफा व्यापारी से लूट के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, करीब ₹5.5 करोड़ का सोना-चांदी बरामद
रतलाम। थाना बिलपांक क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के 238 नग जेवरात और 4.047 किलोग्राम चांदी के 183 नग जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामद मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

बस में सवार होकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया निवासी जैन कॉलोनी, रतलाम, गणेश मार्केट चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं। वे बड़नगर के व्यापारियों के साथ भी कारोबार करते हैं।
13 अगस्त 2026 को फरियादी व्यापारिक कार्य से बड़नगर गए थे। विभिन्न व्यापारियों को आभूषण बेचने के बाद वे रात करीब 8:20 बजे बीके यादव बस से रतलाम के लिए रवाना हुए। रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच बस के हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंचने पर बड़नगर से बस में सवार दो व्यक्ति फरियादी के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास किया।
फरियादी ने बैग पकड़कर विरोध किया और शोर मचाया, जिसके बाद तीन अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और आवश्यक दस्तावेज रखे थे।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक विभिन्न मार्गों पर लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
इसके साथ ही फरियादी, बस चालक, परिचालक और क्लीनर के बयान लिए गए तथा घटनास्थल एवं आसपास से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। साइबर सेल ने तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र से दबोचे गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को 15 अगस्त को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं और उनके पास लूट का सामान भी है। सूचना पर पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोना-चांदी बरामद कर लिया।

करोड़ों का मशरूका बरामद
- सोने के 238 नग जेवरात — वजन 4.167 किलोग्राम, डिब्बों सहित अनुमानित कीमत ₹5.32 करोड़
- चांदी के 183 नग जेवरात — वजन 4.047 किलोग्राम, डिब्बों सहित अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख
- कुल अनुमानित कीमत — करीब ₹5.5 करोड़
ये आरोपी गिरफ्तार
- राहुल पिता सोदान गुर्जर, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम ऊनी, थाना बिलपांक, रतलाम।
- अभिजीत उर्फ अभय पिता दिनेश गुर्जर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम ऊनी, रतलाम।
- यशवंत पिता कैलाश गुर्जर, उम्र 28 वर्ष, निवासी बालागंज, बरगुण्डा गली, मंदसौर।
- राहुल उर्फ वीर गुर्जर पिता सुरेश गुर्जर, उम्र 25 वर्ष, निवासी दिलीपनगर, रतलाम।
- रवि उर्फ बबला गुर्जर पिता देवीसिंह गुर्जर, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया, रतलाम।
- मोहम्मद उमर उर्फ पप्पु पिता इमाम बख्श, उम्र 42 वर्ष, निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम।
फरार आरोपी: रोहित नायक निवासी रामरहिम नगर, रतलाम और गौरव गुर्जर निवासी हरसोला, इंदौर।
तकनीकी जांच बनी अहम कड़ी
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले के खुलासे में CCTV फुटेज, साइबर एवं तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही। साइबर सेल और पुलिस की विभिन्न टीमों ने डिजिटल इनपुट, CCTV फुटेज और मैदानी जांच को आपस में जोड़ते हुए संदिग्धों तक पहुंच बनाई।
प्रकरण के खुलासे में साइबर एवं तकनीकी टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विभिन्न पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण मामले का त्वरित खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
