बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में डीजे बैन करने का लिया संकल्प

Ratlam-RatlamNews-BreakingNews-BigBreaking-NashaMuktiabhiyan-News-NewsIndia-apcr

बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में डीजे बैन करने का लिया संकल्प
  • मोचीपुरा चौराहे पर युसरा वेलफेयर सोसाइटी, बरकाती ग्रुप और APCR का आयोजन
  • शहर काजी और समाजसेवियों की मौजूदगी में लोगों ने उठाई सामाजिक बदलाव की आवाज

रतलाम/ DIT NEWS :- शहर के मोचीपुरा चौराहे पर मदरसा फैजान-ए-अहलेबैत और मस्जिद चिंगीपुरा कमेटी से जुड़े बच्चों द्वारा एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। युसरा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, बरकाती ग्रुप और टीम APCR के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे की लत से दूर रखकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना था।

​कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने बेहद प्रभावी ढंग से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को रेखांकित किया। बच्चों ने "नशे को ना, किताब को हाँ" का नारा देते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।

धार्मिक आयोजनों की गरिमा के लिए लिया ऐतिहासिक फैसला

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक सुधार से जुड़ा रहा। उपस्थित समाजजनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि आगामी ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में डीजे के इस्तेमाल को पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने और युवा पीढ़ी को अनुशासित माहौल देने के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी था।

गणमान्य जनों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में शहर काजी जनाब अहमद अली साहब, अंजुमन सदर इब्राहिम शेरानी, यासमीन शेरानी, फैयाज मंसूरी, कांग्रेस पार्षद सलीम भाई और इलियास रहमानी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस मौके पर मस्जिद चिंगीपुरा के इमाम मौलाना नदीम साहब का इस्तकबाल भी किया गया।

​कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट जुबेर खान बरकाती ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों के हाथों में नशे की जगह किताबें थमाने और समाज से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की शपथ ली।