रतलाम में 26 अगस्त को निकलेगा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस-ए-मोहम्मदी

RatlamMadhyaPradesh-RatlamNewsToday-रतलाम_न्यूज़-ईदमिलादुन्नबी-जश्नएईदमिलाद-जुलूसएमोहम्मदी-मिलादुन्नबी-अमन_और_भाईचारा-स्वच्छ_रतलाम-DailyJournalHindi-ViralNews-BreakingNews-MPNews-MadhyaPradeshNews

रतलाम में 26 अगस्त को निकलेगा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस-ए-मोहम्मदी

रतलाम/ D I T NEWS 

सालों पुराने पारंपरिक मार्ग से निकलेगा जुलूस, शहर काजी ने अमन, भाईचारे और अनुशासन के साथ जश्न मनाने की अपील की

रतलाम। हुजूर-ए-अकरम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की विलादत-ए-मुबारक के मौके पर 26 अगस्त, बुधवार को रतलाम शहर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत और एहतराम के साथ निकाला जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी जुलूस अपने पुराने और पारंपरिक रास्ते से होकर गुजरेगा।

जुलूस की शुरुआत आबकारी चौराहे से होगी। यहां से जुलूस हरदेव लाला की पिपली, दिगंबर जैन तोपखाना मंदिर, गणेश देवरी, डालू मोदी बाजार, चिंतामण गणेश मंदिर, महलवाड़ा, सूरजपुल, मोचीपुरा, काजीपुरा, शेरानीपुरा, जमातखाना, आनंद कॉलोनी, कॉन्वेंट तिराहा, कोर्ट तिराहा, छत्रीपुल, स्टेशन रोड थाना, दो बत्ती, न्यू रोड और लोकेंद्र टॉकीज होते हुए शहर सराय पहुंचेगा, जहां जुलूस का समापन होगा।

शहर काजी की अपील—अमन और भाईचारे का दें पैगाम

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को पुरअमन और खुशनुमा माहौल में मनाने के लिए शहर काजी मौलवी सैयद अहमद अली साहब ने मुस्लिम समाज से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल सभी अकीदतमंद अदब और एहतराम के साथ शामिल हों तथा आका-ए-कायनात हजरत मोहम्मद ﷺ पर दरूद-ओ-सलाम पढ़ते हुए जुलूस में शरीक हों।

उन्होंने लोगों से इस्लामी लिबास जेब-ए-तन करने, खुशबू लगाने और जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।

एम्बुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को दिया जाए रास्ता

शहर काजी ने खास तौर पर कहा कि जुलूस के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी वाहनों को रास्ता देने में सभी लोग सहयोग करें। जुलूस की वजह से आम राहगीरों और शहरवासियों को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

‘स्वच्छ रतलाम’ का भी दें पैगाम

जुलूस के दौरान साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

शहर काजी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पैगाम मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम है। इसलिए सभी अकीदतमंद जुलूस को पूरी शांति, अदब और अनुशासन के साथ मुकम्मल कराने में इंतजामिया कमेटियों और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में जगह-जगह सजावट और रोशनी की जा रही है। मुस्लिम समाज में जश्न को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है।