वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद व सीरत कमेटी अध्यक्ष नासिर कुरैशी का निधन, ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में बिगड़ी थी तबीयत

Ratlamnews-CongressParshad-NasirQureshi-Ratlam

वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद व सीरत कमेटी अध्यक्ष नासिर कुरैशी का निधन, ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में बिगड़ी थी तबीयत

रतलाम/ D I T NEWS :- शहर के वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद एवं सीरत कमेटी के सदर (अध्यक्ष) नासिर कुरैशी (64) का बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे वर्ष 1999 से लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे और वर्तमान में वार्ड क्रमांक 47 का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उनके अचानक इंतकाल की खबर फैलते ही शहर और उनके वार्ड में शोक की लहर दौड़ गई।

जुलूस के दौरान बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीरत कमेटी के तत्वावधान में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे कुरैशी मंडी (आबकारी रोड) से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस रवाना हुआ। जुलूस की शुरुआत में नासिर कुरैशी और कमेटी के पदाधिकारियों ने विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समाजसेवियों का स्वागत किया।

​इसके बाद जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पैलेस रोड से महलवाड़ा की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सुबह लगभग 11:30 से 11:45 बजे के बीच, अन्य लोगों के साथ पैदल चल रहे नासिर कुरैशी अचानक अचेत होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

तबीयत बिगड़ते ही सहयोगियों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्षेत्रीय कार्यक्रम निरस्त, माहौल गमगीन

नासिर कुरैशी के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। उनके गृह वार्ड समेत पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया। घटना के सम्मान में क्षेत्र में आयोजित ईद मिलादुन्नबी के सभी आगामी सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।