जावरा में पुलिस की फिल्मी घेराबंदी: बेरिकेड्स तोड़कर भागी ब्रेजा कार, गलियों में पीछा कर पकड़ा, 40 किलो डोडाचूरा बरामद
News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews
रतलाम | DIT NEWS
एसपी के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10.80 लाख का मशरूका जब्त
(जावरा)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध बिना नंबर की ब्रेजा कार से 40 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए शहर की तंग गलियों में कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नाकाबंदी देख कार चालक ने दिखाई दबंगई
जानकारी के अनुसार, एसपी अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी विवेक कुमार लाल व सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान द्वारा टीम गठित कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। जोयो तिराहे पर चेकिंग के दौरान मंदसौर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की ब्रेजा कार को जब पुलिस ने रोकने का संकेत दिया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। आरोपी ने पुलिस के बेरिकेड्स को जोरदार टक्कर मारी और कार को जावरा शहर की ओर भगा ले गया।
गलियों में पीछा, क्रेन से उठानी पड़ी कार
पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया। आरोपी कार को भीमाखेड़ी चौराहे से अजमेरी गेट और फिर बोहरा बाखल की ओर ले गया। नाना साहब का मोहल्ला स्थित एक संकरी गली में जब रास्ता बंद मिला, तो आरोपी कार को लॉक कर फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर कार को टो करवाया और थाने लाई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो बोरों में भरा 40 किलो डोडाचूरा मिला।
जब्ती एक नजर में:
अवैध डोडाचूरा: 40 किलो (कीमत ₹80,000)
वाहन: ब्रेजा कार (कीमत ₹10,00,000)
कुल कार्रवाई: ₹10,80,000
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उनि प्रताप सिंह भदोरिया, सउनि गलसिंह भवेल, प्रधान आरक्षक योगेश सैनी, आरक्षक अभिजीत सिंह, सतपाल सिंह, अर्जुन चंदेल और कमलेश की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब कार के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक का सुराग लगा रही है।