"सड़क पर आग का गोला बना लोडिंग ऑटो; बाल-बाल बचे चालक और साथी, देखें वीडियो।"
News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews-selananews-cngaato
रतलाम | D I T NEWS
रतलाम | सैलाना रोड स्थित धामनोद बायपास पर सोमवार दोपहर एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई। इंदौर से सामान लेकर आ रहे एक सीएनजी (CNG) लोडिंग तीन पहिया वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में वाहन और उसमें रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए।
सरकारी स्कूलों के लिए जा रहा था सामान
लोडिंग ऑटो चालक कपिल साहू ने बताया कि वह पियाजियो कंपनी के सीएनजी वाहन में इंदौर से म्यूजिक सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर सैलाना जा रहा था। यह सामान सैलाना क्षेत्र के 4-5 सरकारी स्कूलों में पहुंचाया जाना था। दोपहर करीब 1:00 बजे जब वे धामनोद बायपास पर पहुंचे, तभी अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा।

देखते ही देखते आग का गोला बना वाहन
जैसे ही आग की लपटें उठीं, चालक कपिल और उसका साथी तुरंत वाहन छोड़कर दूर भाग खड़े हुए। चंद मिनटों में ही सीएनजी ऑटो आग का गोला बन गया। धुएं का काला गुबार और ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात थम गया।
"हमने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूदे। देखते ही देखते सब कुछ जल गया, हमें सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला।" - कपिल साहू, चालक
दमकल ने बुझाई आग, पर तब तक हो चुका था नुकसान
सूचना मिलने पर धामनोद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लोडिंग ऑटो और उसमें रखा म्यूजिक सिस्टम पूरी तरह जल चुका था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।