MP News: रतलाम में MPPSC परीक्षा के दौरान सिख छात्रा की पगड़ी उतरवाई, भारी विरोध के बाद प्रशासन ने मांगी माफी

News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews

MP News: रतलाम में MPPSC परीक्षा के दौरान सिख छात्रा की पगड़ी उतरवाई, भारी विरोध के बाद प्रशासन ने मांगी माफी

रतलाम | DIT NEWS 

MPPSC SET Exam Controversy: मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार को आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (SET) के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां एक परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के नाम पर सिख छात्रा की पगड़ी (दुमाला साहेब) और कृपाण उतरवा ली गई।


क्या है पूरा मामला?

रविवार को दोपहर 12 से 3 बजे के सत्र में MPPSC द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी। रतलाम के सागोद रोड स्थित उत्कृष्ट स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से आई अमृतधारी सिख छात्रा गुर्लिन कौर जब केंद्र पर पहुंची, तो महिला स्टाफ ने जांच के नाम पर उसे अलग कमरे में ले जाकर उसकी पगड़ी और कृपाण उतरवा दी।

परिजनों और सिख समाज ने किया हंगामा

छात्रा के परिजन वीरेंद्र सिंह ने तुरंत इसकी सूचना सिख समाज के प्रतिनिधियों को दी। देखते ही देखते समाज के लोग केंद्र पर जमा हो गए और केंद्राध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

समाज की आपत्तियां:

  • परीक्षा के आधिकारिक दिशा-निर्देशों में पगड़ी उतारने का कोई नियम नहीं है।

  • धार्मिक प्रतीकों (ककार) को उतरवाना धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन है।

  • छात्रा को मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे उसकी परीक्षा प्रभावित हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

विवाद बढ़ता देख एसडीएम (SDM), सीएसपी (CSP) और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने सिख समाज के प्रतिनिधियों से लंबी चर्चा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चेकिंग का उद्देश्य सुरक्षा था, न कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना।

"यह मेरी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। मैंने पहले भी कई राज्यों में परीक्षाएं दी हैं, लेकिन कभी इस तरह का व्यवहार नहीं हुआ।"गुर्लिन कौर, छात्रा

केंद्राध्यक्ष ने जताया खेद

मामले को शांत करने के लिए स्कूल प्राचार्य और केंद्राध्यक्ष सुभाष कुमावत ने सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों के पालन में अज्ञानतावश यह त्रुटि हुई है। प्रशासन ने दोषी स्टाफ को भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत दी है।