सीएमएचओ ने किया आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews

सीएमएचओ ने किया आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

रतलाम | D I T NEWS :- जिले में चल रहे 'दस्तक अभियान' और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संध्या बेलसरे ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में लापरवाही और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन न करने पर सीएमएचओ ने संबंधित एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

 भवन तैयार, बिजली कनेक्शन के निर्देश 

सीएमएचओ डॉ. बेलसरे और प्रभारी सलाहकार लोकेश वैष्णव ने रतलाम शहरी क्षेत्र के रामगढ़ संजीवनी क्लीनिक, ग्रामीण क्षेत्र के कनेरी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और मथुरी टीकाकरण सत्र का जायजा लिया।

कनेरी:आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन पूर्ण होने पर वहां तत्काल बिजली कनेक्शन करवाकर सेवाएं शुरू करने के निर्देश ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को दिए गए।

 रामगढ़ संजीवनी: यहां डॉ. स्वलेहा खान से उपचार संबंधी जानकारी ली गई। एएनएम लाड़ कुंवर को टीकाकरण रिकॉर्ड और लॉजिस्टिक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा फील्ड स्टाफ को अनिवार्य रूप से गणवेश (यूनिफॉर्म) में रहने के निर्देश दिए गए।

 उपकरणों की कमी पर जताई नाराजगी 

निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर आवश्यक जांच उपकरणों जैसे हीमोग्लोबिनोमीटर, यूरिन एल्ब्यूमिन किट, डिजिटल थर्मामीटर और बीपी इंस्ट्रूमेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही जैव चिकित्सा अपशिष्ट (Biomedical Waste) के निष्पादन के लिए सख्त निर्देश दिए गए।

 दस्तक अभियान की समीक्षा

मथुरी टीकाकरण स्थल पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बबीता ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत क्षेत्र में 11 बच्चे 'मैम' (MAM) श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन-ए का घोल और आयरन फोलिक एसिड की खुराक अनिवार्य रूप से दी जाए।

 बाजना ब्लॉक में भी हुई मॉनिटरिंग

जिले के बाजना विकासखंड के ग्राम कलसा और देवपाड़ा केंद्रों पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दस्तक अभियान की मॉनिटरिंग की। इसमें डीसीएम कमलेश मुवेल, बीपीएम मोइनुद्दीन अंसारी और संभागीय समन्वयक कपिल कुमार यति शामिल रहे। टीम ने मैदानी कार्यकर्ताओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।