जन्मदिन की पार्टी में 'हर्ष फायर' से मची अफरा-तफरी, पड़ोसी के पैर में लगा छर्रा; सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnews-Ratlam-Ujjain-MahakalGuard-LocalNews-Breaking-PoliceAction-SafetyFirst-CrimeUpdate
रतलाम | D I T NEWS
रतलाम (आलोट) | जिले के आलोट थाना क्षेत्र में जन्मदिन का जश्न उस समय दहशत में बदल गया जब उत्साह में की गई हवाई फायरिंग से एक पड़ोसी घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बंदूक जब्त कर ली है।

जश्न के दौरान लापरवाही बनी मुसीबत
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। नायक मोहल्ला निवासी श्याम नायक अपने जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। जश्न के दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर (हर्ष फायर) कर दिया। फायरिंग होते ही गोली के छर्रे छिटक गए, जिसमें से एक छर्रा पास ही खड़े पड़ोसी रोहित मालवीय के पैर में जा लगा।

अस्पताल में इलाज जारी, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
छर्रा लगने से रोहित लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि आरोपी श्याम नायक उज्जैन के महाकाल मंदिर में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात है। वह छुट्टी लेकर अपने घर आलोट आया हुआ था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।